Aaditi Pohankar : आजकल छेड़छाड़ और बैड टच जैसी घटनाएं आम हो गई हैं, और कई महिलाएं इस तरह के शर्मनाक अनुभवों का सामना कर चुकी हैं। फिल्मी जगत की कई मशहूर अभिनेत्रियां भी इससे अछूती नहीं रही हैं। हाल ही में वेब सीरीज ‘आश्रम 3’ में पम्मी पहलवान का किरदार निभाने वाली अदिति पोहनकर ने अपने साथ हुई एक दर्दनाक घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कैसे स्कूल के एक लड़के ने लोकल ट्रेन में उनके साथ गलत व्यवहार किया था।
‘अचानक मेरे ब्रेस्ट पकड़ लिए’
अदिति पोहनकर ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने उस अनुभव को साझा किया, जब उन्होंने मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करते हुए एक असहज स्थिति का सामना किया था। उन्होंने कहा, “मैंने फर्स्ट क्लास कोच में सफर किया, जहां स्कूल के लड़कों को भी आने की इजाजत थी।
मैं 11वीं कक्षा में थी और 18 साल से कम उम्र के स्कूल यूनिफॉर्म पहने लड़कों को वीमेन कोच में सफर करने की अनुमति थी। एक लड़का वहां खड़ा था और जैसे ही ट्रेन दादर स्टेशन से चली, उसने अचानक मेरे ब्रेस्ट पकड़ लिए।”
पुलिस स्टेशन तक पहुंची Aaditi Pohankar
अदिति इस घटना से काफी आहत हुईं और उन्होंने तुरंत पुलिस स्टेशन जाने का फैसला किया। उन्होंने बताया, “मैं अगले स्टेशन पर उतर गई और पुलिस स्टेशन पहुंची। जब मैंने पुलिस को पूरी घटना बताई, तो उन्होंने मुझसे पूछा कि ‘कुछ ज्यादा हुआ क्या?’ मैंने कहा कि मानसिक रूप से मुझे बहुत ज्यादा परेशान किया गया है।
इस पर पुलिस ने जवाब दिया कि अब हम उसे कहां ढूंढेंगे? लेकिन आप यकीन नहीं करेंगे कि वही लड़का वहीं खड़ा था जहां उसने मेरे साथ ये हरकत की थी। मैंने तुरंत उसे पहचान लिया और पुलिस को बताया कि यही वही लड़का है।”
सबूत मांगने पर पुलिस का रवैया
जब अदिति ने उस लड़के की पहचान की, तो पुलिस ने उनसे सबूत के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने कहा, “मैं आपको सच बता रही हूं कि इस लड़के ने मेरे साथ गलत किया, मैं झूठ क्यों बोलूंगी?”
इसके बाद एक महिला कांस्टेबल ने उस लड़के से पूछताछ की। अदिति के अनुसार, “जब महिला कांस्टेबल ने उससे पूछा कि क्या उसने मेरे साथ कुछ किया, तो पहले उसने मना कर दिया। लेकिन मैंने उस पर चिल्लाया और उसे डराने की कोशिश की, क्योंकि वो मुझसे उम्र में छोटा था। मैं उससे 2-3 साल बड़ी थी। जब मैंने उसे मारने का इशारा किया, तब जाकर उसने हां कहा और माफी मांगी।”
आत्मविश्वास से दिया करारा जवाब
अदिति ने बताया कि उन्होंने उस लड़के का कॉलर पकड़ लिया और गुस्से में कहा, “अब और किसी के साथ करेगा? सबके सामने बोल।” उनकी इस प्रतिक्रिया से लड़का पूरी तरह डर गया और अपनी गलती स्वीकार कर ली।
महिलाओं के लिए जरूरी संदेश
इस घटना के जरिए अदिति ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसी स्थिति का सामना करता है, तो उसे बिना डरे तुरंत एक्शन लेना चाहिए और पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
ये घटना न केवल अदिति के साहस को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि महिलाओं को हर जगह सतर्क रहने की जरूरत है। इस तरह के मामलों को नजरअंदाज करना समस्या को और बढ़ा सकता है, इसलिए जरूरी है कि महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक और आत्मनिर्भर बनें।